प्रखंड स्तर पर आधुनिक खेल परिसर होंगे विकसित, एक ही जगह मिलेंगी कई खेल सुविधाएं

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार में खेल प्रतिभाओं को प्रखंड स्तर पर ही बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने आधुनिक खेल परिसरों के विकास की दिशा में काम तेज कर दिया है। राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से प्रखंड स्तर पर प्रस्तावित आधुनिक खेल अवसंरचना को लेकर सोमवार को खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

प्रस्तावित खेल परिसरों में खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार कई खेलों की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने का प्रारूप तैयार किया गया है। इनमें शूटिंग एरिया, तैराकी क्षेत्र, आधुनिक फिटनेस सेंटर (जिम), बहुउद्देशीय खेल मैदान सहित प्रशिक्षण और अभ्यास से जुड़ी अन्य सुविधाएं शामिल हैं।

क्रिकेट के साथ अन्य खेलों को भी बढ़ावा

बैठक में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में क्रिकेट के विकास के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं। अब अन्य खेलों को भी समान अवसर और बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर के खेल परिसर केवल मैदान तक सीमित नहीं रहें, बल्कि वहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अभ्यास और फिटनेस की सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित होने से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को स्थानीय स्तर पर ही आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता भी कम होगी।

बच्चों की सुरक्षा और सुविधा पर जोर

प्रस्तुतीकरण के बाद मंत्री ने प्रस्तावित खेल परिसरों को अधिक उपयोगी, सुरक्षित और बच्चों के अनुकूल बनाने के लिए कई सुझाव दिए। उन्होंने फिटनेस सेंटर, शूटिंग और तैराकी जैसी सुविधाओं को बेहतर तरीके से शामिल करने के साथ खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

मौके पर खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण, खेल विभाग के निदेशक आरिफ अहसन सहित विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद थे।