18 अगस्त को 35 पंचायतों और 12 नगर निकायों में लगेगा सहयोग शिविर

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निवारण के लिए अगस्त माह के तीसरे मंगलवार यानी 18 अगस्त को 35 पंचायतों और 12 नगर निकायों में सहयोग शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और समयबद्ध तरीके से उनके समाधान की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने शिविर के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि मुख्य सचिव के निर्देश पर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर से वरीय अधिकारियों को अलग-अलग शिविरों की जिम्मेदारी दी गई है।

सुबह नौ बजे से लगेगा शिविर

18 अगस्त को सभी निर्धारित स्थलों पर सुबह नौ बजे से सहयोग शिविर शुरू होगा। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोगों को संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी के साथ उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों और कार्यपालक पदाधिकारियों को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

सदर में चार स्थानों पर विशेष व्यवस्था

दरभंगा सदर प्रखंड के बलहा पंचायत के पंचायत सरकार भवन और छोटाईपट्टी पंचायत के पंचायत भवन में अपर समाहर्त्ता (लोक शिकायत निवारण) राजेश गुप्ता की अध्यक्षता में शिविर होगा। इसी प्रकार दरभंगा नगर निगम के वार्ड संख्या-06 में राधा रानी कन्या मध्य विद्यालय, रूहे‌लागंज तथा वार्ड संख्या-43 में +2 एमएल एकेडमी, लहेरियासराय में भी उनकी अध्यक्षता में शिविर आयोजित किया जाएगा।

प्रखंडवार वरीय अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

बहादुरपुर में पवन कुमार यादव, हायाघाट में सोनल कुमार महतो, हनुमाननगर में रवि प्रकाश, बहेड़ी में अपर समाहर्त्ता मनोज कुमार, केवटी में संजीत कुमार, जाले में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, सिंहवाड़ा में डीआरडीए निदेशक भुवनेश मिश्रा, मनीगाछी में एसडीओ सदर कुमार गौरव और तारडीह में जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार आर्या को शिविर की जिम्मेदारी दी गई है।

बेनीपुर में एसडीओ मनीष कुमार झा, अलीनगर में भूमि सुधार उप समाहर्त्ता अविनाश कुमार सिंह, बिरौल में अपर समाहर्त्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, गौड़ाबौराम में अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी आसमा खातून, घनश्यामपुर में वरीय उप समाहर्त्ता अमृता कुमारी और जिला विकास पदाधिकारी अरविन्द कुमार, किरतपुर में प्रियंका कुमारी, कुशेश्वरस्थान में भूमि सुधार उप समाहर्त्ता मयंक सिंह तथा कुशेश्वरस्थान पूर्वी में एसडीओ बिरौल शशांक राज की अध्यक्षता में शिविर आयोजित किया जाएगा।

हेल्पलाइन और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की है। शिविर से संबंधित जानकारी के लिए निःशुल्क हेल्पलाइन 1100 पर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन भी दर्ज कराया जा सकता है। परिवाद दर्ज होने की तिथि से 30 दिनों के अंदर उसके निष्पादन की व्यवस्था की गई है।