छपरा में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई। इस दौरान दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक युवक को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच रेफर किया गया है।
पहली घटना शहर के छपरा नगर थाना अंतर्गत दहियांवा मोहल्ला के नगीना सिंह गली में हुई। वहां चाकूबाजी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उस युवक को आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है।
घायल युवक नगर थाना क्षेत्र के दहियावां निवासी विनोद यादव का बेटा सुधांशु रंजन बताया गया है। विवाद के कारणों का पता नहीं चल सका है।
इस मामले में जख्मी युवक के पिता विनोद यादव ने बताया कि लड़कों के बीच ही कुछ विवाद हुआ था और मोहल्ले के कुछ लड़के उनके दरवाजे पर गाली-गलौज कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उन्हीं युवकों के द्वारा उनके बेटे के पेट में चाकू गोदकर घायलकर दिया गया, जिसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
वहीं, दूसरी घटना छपरा शहर के नगर थाना अंतर्गत गांधी चौक की है, जहां एक फेरीवाले को चाकू घोंपकर घायल किया गया है। घायल युवक बंगाल के बेलडगा निवासी हीरालाल शेख का 40 वर्षीय बेटा विला शेख बताया गया है।
घायल को उसके सहयोगी फेरीवालों के द्वारा छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके द्वारा बताया गया कि वे लोग दिनभर फेरी करने के बाद गांधी चौक मोहल्ला में किराए पर कमरा लेकर रहते हैं।
वहां मोहल्ले में रह रहे बंगाल के ही दूसरे फेरी वालों के द्वारा उसके ऊपर चाकू से हमला किया गया है। बचने के दौरान चाकू उसके हाथ में लगी है। हालांकि, इस मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई जा सकी है।
