2.75 करोड़ गबन मामले में EO की तलाश तेज, घर-ऑफिस पर छापेमारी; नहीं मिले रणधीर लाल
दस्तक 7मीडिया फारबिसगंज/मुजफ्फरपुर
साहेबगंज नगर परिषद में 2.75 करोड़ रुपये के सरकारी धन के कथित गबन मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले के आरोपी फारबिसगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) रणधीर लाल की गिरफ्तारी के लिए मुजफ्फरपुर जिले की साहेबगंज थाना पुलिस ने उनके सरकारी आवास और कार्यालय में छापेमारी की। हालांकि, पुलिस को वे कहीं नहीं मिले।
जानकारी के अनुसार साहेबगंज थाना के इंस्पेक्टर कुणाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम फारबिसगंज पहुंची और नगर परिषद कार्यालय समेत ईओ के सरकारी आवास की तलाशी ली। छापेमारी के दौरान रणधीर लाल अनुपस्थित मिले। इसके बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक रणधीर लाल पर साहेबगंज नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी रहते हुए नियमों के विरुद्ध सामग्री खरीद, वित्तीय अनियमितता और विभागीय निर्देशों की अनदेखी कर करीब 2.75 करोड़ रुपये के सरकारी धन के गबन का आरोप है। इसी मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
वारंट लेने की तैयारी
साहेबगंज थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी के नहीं मिलने के कारण अब न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यदि इसके बाद भी वे आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो अदालत के निर्देश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है।
कार्यालय में दिनभर चर्चा
पुलिस की छापेमारी के बाद फारबिसगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनभर इस मामले की चर्चा होती रही। अधिकारियों और कर्मियों के बीच कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बताया जाता है कि पिछले कुछ समय से नगर परिषद में प्रशासनिक स्तर पर भी कई मुद्दों को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी।पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।