दरभंगा के बिरौल में जमीन विवाद, रंगदारी नहीं देने पर निर्माण कार्य तोड़ा, जान से मारने की धमकी

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बैंक गांव निवासी दिनेश चंद्र आचार्य ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही है और उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की जा रही है।
दिनेश चंद्र आचार्य के अनुसार, उनकी वैध भूमि (मौजा अफजला) पर उनके पुत्र आचार्य तरुण मकान निर्माण करवा रहे थे। इस क्रम में रामविनोद आचार्य, बिन्देशचंद्र आचार्य, गोबिन्द कुमार आचार्य और लखनजी आचार्य ने बलपूर्वक निर्माण स्थल पर पहुंचकर वहां चल रहे काम को रोक दिया।
साथ ही आरोपियों ने निर्माण कार्य के पिलर तोड़ दिए, लेबर और मिस्त्री के साथ मारपीट और गाली-गलौज की, और उन्हें धमकाकर भगा दिया।
आवेदक दिनेश चन्द्र आचार्य का कहना है कि आरोपी पक्ष उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। पैसे न देने के कारण ही निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि आवेदक के शिकायत पर बिरौल थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और एएसआई प्रेम कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के दबंग होने की बात कही है और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।