मोतिहारी पुलिस की बड़ी कामयाबी: लूट की साजिश नाकाम, 5 शातिर बदमाश गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /मोतिहारी 

पूर्वी चंपारण पुलिस ने दरपा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया, जो किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर बेलदवा चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर सभी पांच आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विपुल सिंह, मुन्ना कुमार सिंह, रंजीत यादव, विनीत बहादुर और अतुल कुमार राय के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक कार, दो मोटरसाइकिल तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि सभी आरोपी किसी बड़े वित्तीय या व्यावसायिक प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी अपराधियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

इस मामले में दरपा थाना कांड संख्या 132/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके अन्य साथियों और पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है।