आपने गीत सोशल मीडिया पर जरूर सुना होगा। ठोक देंगे कट्टा कपार में आइए ना हमारा बिहार में, किसी ने बिहार के लिए यह जो लिखा है। वो इन दिनों धरातल पर इसी प्रकार के हालात बिहार में दिखाई दे रहे हैं।

वर्तमान में बिहार में स्थिति ऐसी है कि यहां बात बात पर बंदूकें की गूंज सुनाई दे रही है तो कहीं नशेड़ियों और चोरों का आतंक तो कही दुष्कर्म की घटनाएं। इन दिनों बिहार में फिल्मी पटकथा धरातल पर दृश्यमान हो रही है।

बिहार के सीवान जिले में अपराधियों ने एक सीएसपी में लूटपाट के क्रम में वहां एक महिला कर्मी को गोली मारकर घायल भी कर दिया।

घटना बिहार के सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के कचनार पंचायत स्थित बिशनपुर गांव की है। जहां एक सीएसपी जो कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का था उसमें लूटपाट के लिए अपराधी पहुंचे और वहीं इसमें काम कर रही एक महिला कर्मी को गोली मार दी जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गईं।

इस घायल महिला सीएसपी कर्मी की पहचान शबनम खातून के रूप में हुई है। इस घटना को अंजाम देने के बाद गुंडे वहां सीएसपी से 2 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। शनिवार की दोपहर को यह घटना घटी है। इशके बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस वहां पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी की मानें तो बदमाशों ने जहां सीएसपी से 2 लाख की रकम लूटी वहीं शबनम खातून के पैर में दो गोली मार दी। इसके बाद हंगामे के बीच बदमाश वहां से फरार होने में कामयाब रहे। घायल शबनम खातून को सीवान के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों की मानें तो लूट के इरादे से बदमाश एकदम फिल्मी स्टाइल में सीएसपी पहुंचे थे। वह बैग लटकाए और हेलमेट लगाए सीएसपी केंद्र के अंदर दाखिल हुए थे। यहां अंदर घूसते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। वहीं लूट का विरोध कर रही महिला कर्मी शबनम खातून को बदमाशों ने गोली मार दी।

वहीं लॉ एंड ऑर्डर को धत बताकर बदमाशों ने बिहार के सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के महेशपुर पंचायत वार्ड नंबर 10 में अपराधियों ने शुक्रवार देर शाम शौच करने जा रहे एक युवक का जीभ काट लिया। घायल युवक को पिपरा सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि 30 वर्षीय महादलित युवक रंजीत सादा को घेरकर अपराधी छीना-झपटी करने लगे। उसके विरोध करने पर अपराधियों ने उसका जीभ काट दिया। संयोग से उसी रास्ते से दो बाइक सवार जा रहे थे। जिसे देखकर अपराधी वहां से भाग निकले। जिसके बाद राहगीरों ने घायल रंजीत को पिपरा सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां मौजूद डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष बिनोद कुमार सिंह ने बताया घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

तो राजधानी पटना के बुद्धा क्लोनी थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर रोड नंबर इक्कीस के नजदीक मधुबनी के एक युवक की हत्या कर दी गई है। दूसरी ओर गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में चाचा द्वारा चार साल की भतीजी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है।

फुलपरास थाना क्षेत्र के लटगोना पोखरा से एक लगभग 25 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के मैनी गांव निवासी रामरतन महतो की पत्नी शिवानी देवी का शव बरामद किया गया है।

जबकि गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र की डुमरिया गांव स्थित पोखरे से 6 वर्षीय बालक का शव बरामद हुआ है। बच्चा पिछले तीन दिनों से लापता था। मृतक मदाचक गांव निवासी भोला चौहान का पुत्र कुश कुमार बताया जाता है।

ये मात्र बीते चौबीस घंटे के कुछ आंकड़े है। जबकि स्थिति और भी भयाभाव है। ये ऊपर लिखे गाने के बोल एक वेब सीरीज से लिया गया है। उस वेब सीरीज में तो बिहार को आतंक से मुक्त करवाने के लिए अमित लोढ़ा जैसे पुलिस अधिकारी बिहार से क्राइम का सफाया करने में सफल रहते हैं। लेकिन क्या वर्तमान के हालत को नियंत्रित करने के लिए कोई पुलिस अधिकारी अमित लोढ़ा बनकर निकलेंगे या फिर बिहार अपनी इसी दशा को झेलता रहेगा ।