बुलडोजर और एनकाउंटर राज के खिलाफ भाकपा(माले) का हमला,

राज्य सम्मेलन की सफलता पर दरभंगा वासियों को दिया धन्यवाद

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा

भाकपा(माले) दरभंगा जिला कमिटी की बैठक शनिवार को जिला कार्यालय में जिला सचिव बैद्यनाथ यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत दिवंगत पार्टी सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। बैठक में दरभंगा में संपन्न हुए पार्टी के 12वें राज्य सम्मेलन की सफलता की समीक्षा की गई तथा सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए दरभंगा वासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) पोलित ब्यूरो सदस्य सह मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा ने कहा कि बिहार और देश में कानून का राज खत्म होता जा रहा है और उसकी जगह “बुलडोजर तथा एनकाउंटर राज” स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर की कार्रवाई माफिया या बड़े अपराधियों पर नहीं, बल्कि गरीबों, फुटपाथ दुकानदारों, झुग्गीवासियों और मुसलमानों पर की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिना निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के लोगों को अपराधी घोषित कर गोली मारी जा रही है। पिछले दिनों हुई पुलिस कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक खास समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है।

धीरेंद्र झा ने कहा कि देश का छात्र-युवा वर्ग, खासकर “जेन जी”, बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर गहरे आक्रोश में है। उन्होंने नीट और एईडीईओ जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक को संगठित अपराध और राजनीतिक संरक्षण का परिणाम बताया।

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश द्वारा छात्र-युवाओं के लिए कथित रूप से इस्तेमाल किए गए “कॉकरोच” शब्द की आलोचना करते हुए कहा कि यह युवाओं के सम्मान पर हमला है। साथ ही पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने कहा कि भाकपा(माले) का 12वां राज्य सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और इसमें दरभंगा वासियों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि न्याय, शिक्षा, रोजगार और बुलडोजर राज जैसे मुद्दों पर सामूहिक आंदोलन तेज करने की जरूरत है।

बैठक में आरके साहनी, शनिचरी देवी, अशोक पासवान, पप्पू पासवान, सबरी देवी, नंदलाल ठाकुर, कामेश्वर पासवान, अबधेश सिंह, लाल बहादुर सदा, सूर्य नारायण शर्मा, साधना शर्मा, केशरी यादव, सुरेंद्र पासवान, संदीप चौधरी, प्रवीण यादव, धर्मेश यादव, राजेंद्र दास, अमित पासवान, प्रो. कल्याण भारती, गंगा मंडल, विनोद सिंह, पप्पू कुमार पासवान, उमेश साह और मोहम्मद जमालुद्दीन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।