जिले के कमतौल थानाक्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को लूट कर गोली मार दी। बदमाशों ने क्षेत्र के रतनपुर-जाले पथ पर पहले वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है, साथ ही अपराधियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रतनपुर निवासी रामबालक ठाकुर के बेटा राजेश ठाकुर (24) अपने दोस्त शिवम ठाकुर के साथ जाले जा रहा था।
इसी दौरान बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे बीच रास्ते घेर लिया और हथियार के दम पर राजेश की जेब पैसे लूटने लगे, राजेश ने जब इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उसके ऊपर गोली चला दी, जिससे राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
बदमाश मौके से फरार हो गए। आनन-फानन राजेश का दोस्त शिवम उसे गंभीर हालात में लेकर ब्रह्मपुर स्थित एक अस्पताल पहुंचा।
हालात नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन भी मौके पर पहुंच गए और राजेश को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा का मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। बहुत जल्द मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
