दरभंगा पुलिस की सख्ती: अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 86 लीटर विदेशी शराब जब्त, कई गिरफ्तार

दस्तक 7 मीडिया  /दरभंगा 

जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण, सेवन और परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए दरभंगा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर बहेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रमौली स्थित पनपीबी पोखर के पास छापेमारी कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।

छापेमारी के दौरान कुल 86.040 लीटर विदेशी शराब एवं तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई। मौके से तीन अभियुक्तों उग्र नारायण यादव, प्रदीप कुमार साहू एवं गणपति कुमार मुखिया—को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। सभी आरोपी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

इधर, नशेड़ियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 12 लोगों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया। इनमें बहेड़ा थाना से 1, लहेरियासराय से 5, भालपट्टी से 3, कोतवाली से 1 और केवटी थाना से 2 व्यक्ति शामिल हैं।

वारंटियों पर भी कार्रवाई तेज
माननीय न्यायालय द्वारा निर्गत NBW वारंट के तहत नगर थाना पुलिस ने सुनील कुमार शर्मा एवं मो. रिकूं को गिरफ्तार किया। वहीं, महिला थाना कांड संख्या 42/26 के प्राथमिक अभियुक्त अभिषेक कुमार राय को महिला थाना एवं कुशेश्वरस्थान थाना की संयुक्त टीम ने दबोचा।

इसके अलावा कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस ने वारंटी सुधीर पासवान एवं वीरेन पासवान को गिरफ्तार किया, जबकि हायाघाट थाना ने लक्ष्मण कामती को पकड़ा। बहेड़ी थाना पुलिस ने पुराने कांड के आरोपी नटवर झा को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई।