नरमा में भाजपाइयों का महाजुटान, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का भव्य स्वागत, आगामी अभियानों की बनी रणनीति

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा अंतर्गत ग्राम नरमा में गुरुवार को ‘भाजपा जिला संगठनिक दरभंगा पूर्वी’ की एक ऐतिहासिक और अत्यंत प्रभावशाली बैठक संपन्न हुई। यह आयोजन न केवल आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने का माध्यम बना, बल्कि कार्यकर्ताओं के अभूतपूर्व उत्साह ने संगठन की जमीनी शक्ति का भी प्रदर्शन किया। बैठक का मुख्य आकर्षण प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का नरमा आगमन रहा। उनके पहुंचते ही दरभंगा जिला पूर्वी के महामंत्री श्री संजय सिंह ने पुष्प वर्षा कर उनका भव्य अभिनंदन किया। पूरा वातावरण ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का आयोजन महामंत्री श्री सिंह के निजी आवास पर किया गया, जहां उन्होंने मिथिला की गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य अतिथियों को पाग, चादर, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। विशेष सम्मान के रूप में प्रदेश अध्यक्ष को प्रतीकात्मक तलवार भी भेंट की गई। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी तीन मुख्य लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।जिसमें 1.बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती सप्ताह का आयोजन। 2.स्थापना दिवस सप्ताह का समारोह, 3.मन की बात कार्यक्रम की व्यापक पहुंच।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा,संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के समर्पण और अनुशासन में टिकी है। हमें प्रधानमंत्री मोदी जी के संदेश और बाबा साहेब के विजन को घर-घर तक पहुंचाना है।महामंत्री संजय सिंह ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि13 अप्रैल महापुरुषों की प्रतिमाओं के समीप साफ-सफाई अभियान और पूर्व संध्या पर दीपोत्सव का आयोजन होगा। और 14 अप्रैल श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण और बाबा साहेब के योगदान पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि वर्तमान सरकार ने बाबा साहेब के पंचतीर्थों का विकास कर उन्हें वह सम्मान दिया है, जिसके वे हकदार थे।
बैठक के दौरान जनसंघ काल के वरिष्ठ कार्यकर्ता आदरणीय तूफानी बाबा को प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया, जो नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र रहा। इसके अतिरिक्त, ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंडल अध्यक्ष लाल मुखिया, सुधीर सिंह, पंकज कंठ और चंदन कुमार ठाकुर को मोमेंटो देकर प्रोत्साहित किया गया। बैठक में प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष विनय पासवान,जिला प्रभारी राजीव रंजन,नुनु झा,रामकरण दास,सुजित चौधरी,राहुल कर्ण,ब्रजेश झा,संतोष झा सहित भारी संख्या में पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।