मिट्टी का ढेर गिरने से 13 वर्षीय बालक की मौत, गांव में मातम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के बहरी थाना क्षेत्र के मधुबन वार्ड नंबर-2 में मिट्टी का ढेर गिरने से 13 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान हरि गोविंद कुमार (13) के रूप में हुई है। वह हरे राम मंडल का पुत्र था।

परिजनों के अनुसार सोमवार की दोपहर करीब दो बजे हरि गोविंद अपने घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पास में जमा किया गया मिट्टी का ढेर अचानक उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह उसमें दब गया। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे मिट्टी से बाहर निकाला।

बताया जाता है कि जब उसे बाहर निकाला गया तो उसके सिर और मुंह से काफी खून बह रहा था। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए बहेड़ी पीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के मामा शंभू मंडल ने बताया कि रास्ते में जाम रहने के कारण वे समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाए, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी। उन्होंने बताया कि यह मिट्टी किसी व्यक्ति द्वारा बिक्री के लिए जमा कर रखी गई थी और उसी के पास खेलते समय यह हादसा हुआ।

हरि गोविंद तीन भाइयों में सबसे छोटा था और आठवीं कक्षा में सरकारी स्कूल में पढ़ाई करता था। उसके पिता हरे राम मंडल मजदूरी का काम करते हैं और फिलहाल बाहर गए हुए हैं।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, बहेरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।