फरार अभियुक्त सुमन झा के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तहार, आत्मसमर्पण की चेतावनी

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिला अंतर्गत बिरौल थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव में पुलिस ने फरार अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। मंगलवार को पुलिस ने कांड संख्या 178/25 के नामजद अभियुक्त सुमन झा उर्फ भुल्ला झा के घर पर इश्तहार चस्पा कर उसे जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की हिदायत दी है। न्यायालय द्वारा निर्गत आदेश के आलोक में पुलिस अवर निरीक्षक मुन्नी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस बल अभियुक्त के पैतृक आवास शिवनगर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत घोषणा करते हुए अभियुक्त के घर के मुख्य द्वार पर इश्तहार चिपकाया गया। पुलिस ने सार्वजनिक रूप से मुनादी कर गांव के लोगों को भी मामले की गंभीरता से अवगत कराया। इश्तहार चिपकाने के पश्चात पुलिस अवर निरीक्षक मुन्नी कुमारी ने अभियुक्त सुमन झा पिता, जगन्नाथ झा के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने स्पष्ट लहजे में निर्देश दिया कि अभियुक्त अविलंब न्यायालय में आत्मसमर्पण करे। यदि तय समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण नहीं किया जाता है, तो पुलिस न्यायालय से आदेश प्राप्त कर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू करेगी। पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि बता दें कि सुमन झा उर्फ भुल्ला झा बिरौल थाना कांड संख्या 178/25 में मुख्य अभियुक्त है और लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन सफलता न मिलने पर अब कानूनी प्रक्रिया के तहत इश्तहार की कार्रवाई की गई है। अभियुक्त के पास आत्मसमर्पण करने का अंतिम अवसर है, अन्यथा घर की कुर्की की जाएगी।