अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत, डीएमसीएच में इलाज के दौरान तोड़ा दम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के सोनकी थाना क्षेत्र के कपचाही के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गश्ती पुलिस द्वारा उसे इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

मृतक की पहचान देखूली चट्टी निवासी इन्दर महतो के पुत्र विजय कुमार (20) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विजय कुमार बाइक से अपनी बहन को छोड़ने संकर लोहार के घर गया था। बहन को छोड़कर वह वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान कपचाही के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद सोनकी थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए डीएमसीएच लेकर आई। वहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि मृतक छह बहनों और दो भाइयों में से एक था। उसके पिता इन्दर महतो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि विजय कुमार बिजली का काम कर अपने परिवार की आर्थिक मदद करता था।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुट गई है।