मनीगाछी थाना में जब्त देशी-विदेशी शराब का विनष्टीकरण, सीओ व थानाध्यक्ष की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के मनीगाछी थाना परिसर में प्रशासन द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दस मामलों में जब्त की गई देशी एवं विदेशी शराब को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई मनीगाछी अंचलाधिकारी (सीओ) रवि कांत और मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में की गई।

मिली जानकारी के अनुसार विभिन्न छापेमारी और कार्रवाई के दौरान पुलिस द्वारा जब्त की गई शराब को विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत विनष्ट किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में शराब को नष्ट कर उसकी पूरी प्रक्रिया का विधिवत दस्तावेजीकरण भी किया गया।

मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर करीब दस मामलों में जब्त देशी और विदेशी शराब को नष्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और अवैध शराब के निर्माण, भंडारण तथा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

इस मौके पर अंचलाधिकारी रवि कांत सहित कई पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।