होली पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 500 से अधिक स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात, 03 से 05 मार्च तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष, क्यूआरटी टीम अलर्ट
होली पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 500 से अधिक स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात, 03 से 05 मार्च तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष, क्यूआरटी टीम अलर्ट
होली पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 500 से अधिक स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात,
03 से 05 मार्च तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष, क्यूआरटी टीम अलर्ट
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिला दंडाधिकारी कौशल एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर 02 मार्च को होलिका दहन तथा 04/05 मार्च को होली मनाए जाने के मद्देनज़र विशेष निर्देश दिए गए हैं।
जिले के 500 से अधिक स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं हजारों पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पर्व के दूसरे दिन पारंपरिक झुमटा एवं बसिऔरा जुलूस को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी।
24 घंटे संचालित रहेगा नियंत्रण कक्ष
02 मार्च से 05 मार्च 2026 तक विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेगा। इसका दूरभाष नंबर 06272-240600 जारी किया गया है। उप विकास आयुक्त को नियंत्रण कक्ष का वरीय प्रभारी बनाया गया है।
क्यूआरटी एवं दंगा निरोधक बल तैनात
प्रत्येक अनुमंडल में दंगा निरोधक बलों की क्यूआरटी टीम सक्रिय रहेगी। सदर, बेनीपुर एवं बिरौल में 24 घंटे विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, आंसू गैस दस्ता, रस्सा आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। भीड़ वाले क्षेत्रों को सेक्टर में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर सख्ती
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सभी थानाध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को आसूचना संकलन कर त्वरित विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
डीजे और लाउडस्पीकर पर नियंत्रण
बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के लाउडस्पीकर के प्रयोग पर रोक रहेगी। सभी डीजे संचालकों से लिखित शपथ ली जाएगी कि वे डीजे का उपयोग नहीं करेंगे और अश्लील गाने नहीं बजाएंगे।
विशेष गश्ती और सीसीटीवी निगरानी
शहरी क्षेत्रों में राहजनी एवं छेड़छाड़ की घटनाओं की रोकथाम के लिए सीआईएटी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील चौक-चौराहों पर सीसीटीवी, वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सेक्टर पेट्रोलिंग के दौरान पदाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे।
भूमि विवाद पर भी नजर
भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अंचल अधिकारी को भूमि विवाद, ईदगाह एवं कब्रिस्तान संबंधी मामलों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।
अवकाश स्थगित, लापरवाही पर कार्रवाई
होली पर्व के अवसर पर सभी प्रकार के अवकाश अगले आदेश तक स्थगित कर दिए गए हैं। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी या बल के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।