मिथिला कराटे डेवलपमेंट काउंसिल का गठन, 25–26 अप्रैल को राज्य चैंपियनशिप,

स्टेट कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार की वार्षिक बैठक में अहम फैसले; Karate India Organisation के राष्ट्रीय पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार देने का प्रस्ताव पारित, जिलों में चयन प्रक्रिया अनिवार्य।

दस्तक 7मीडिया /

स्टेट कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार की वार्षिक आम बैठक रविवार को पटना स्थित संघ कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष अभय कुमार ने की। इस अवसर पर महासचिव पंकज काम्बली, संयुक्त सचिव सह वरीय प्रशिक्षक मुकेश मिश्रा तथा विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में पटना, दरभंगा, नालंदा, गोपालगंज, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, सिवान, सारण, खगरिया, बेगूसराय, सहरसा, वैशाली सहित अन्य जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप (सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर वर्ग) का आयोजन 25 एवं 26 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। सभी जिला इकाइयों को निर्देश दिया गया कि वे राज्य प्रतियोगिता से पूर्व अपने-अपने जिलों में चयन प्रक्रिया या जिला चैंपियनशिप अनिवार्य रूप से आयोजित करें। इसके अतिरिक्त कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (केआईओ) के राष्ट्रीय पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया एवं बैठक में “मिथिला कराटे डेवलपमेंट काउंसिल” के गठन को स्वीकृति दी गई। काउंसिल का उद्देश्य मिथिला एवं मैथिल भाषी क्षेत्रों में कराटे के संगठित और संरचित विकास की योजना तैयार करना है। मुकेश मिश्रा को काउंसिल का चेयरमैन नियुक्त किया गया।

मुकेश मिश्रा ने कहा कि काउंसिल संबंधित जिलों में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण, नियमित प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा ग्रामीण स्तर तक कराटे को बढ़ावा देने का कार्य करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल राज्य में कराटे को नई दिशा देगी और मिथिला क्षेत्र के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर प्रदान करेगी।