बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ द्वारा आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित 

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थानl

जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की ओर से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य जिला प्रशासन और एनडीआरएफ के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा संभावित आपदाओं से निपटने के लिए सभी हितधारकों की भूमिका और जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ और अन्य आपदा जैसे परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

इसमें यह दिखाया गया कि किसी भी आपदा की स्थिति में किस प्रकार विभिन्न विभाग आपस में तालमेल बनाकर कार्य करेंगे। एनडीआरएफ के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से वास्तविक आपदा के समय त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने में सहायता मिलती है।

इस अभ्यास में एनडीआरएफ के अधिकारी और जवानों के अलावा एसडीआरएफ, पुलिस विभाग, स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और प्रखंड प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर रेस्क्यू तकनीक, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा राहत सामग्री के वितरण की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। साथ ही आपदा के दौरान संचार व्यवस्था को दुरुस्त रखने और भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गयाl

डिप्टी कमांडेट अश्विनी कुमार ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी प्रकार की घबराहट फैलाना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना और प्रशासनिक तंत्र की तैयारियों को जांचना है। उन्होंने बताया कि पाँच राज्यों एंव बिहार झारखण्ड के सभी जिले भ्रमण कर चुका हूँ लेकिन दरभंगा की तैयारी सबसे बेहतर है। अभ्यास के बाद सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक भी की गई, जिसमें कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए। अंचल प्रशासन ने एनडीआरएफ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मॉक ड्रिल से आपदा प्रबंधन प्रणाली और अधिक सशक्त होगी तथा आपात स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सकेगा।

मौके पर एसडीआरएफ के सब इन्सपेक्टर ज्योति कुमार झा, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी प्रणव राज, सीओ गोपाल पासवान, थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद, मुखिया छेदी राय, भज्जू महतो, नवल किशोर राय, परमानन्द साह, आपदा मित्र भागेश्वर राय, शशी कुमार,सहित सैकड़ो लोग मौजूद थे।