अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में मिथिला लोक उत्सव के आयोजन को लेकर बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में आज अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में मिथिला लोक उत्सव 2025–26 के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि मिथिला लोक उत्सव का आयोजन 28 फरवरी एवं 01 मार्च 2026 को किया जाएगा। उत्सव में भाग लेने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कलाकारों को 16 फरवरी 2026 तक अपना आवेदन सामान्य शाखा, दरभंगा में जमा करना होगा।

मिथिला लोक महोत्सव के दौरान मिथिला की समृद्ध लोक परंपरा, कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विधाओं के उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सर्वभाषा कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न भाषाओं के कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।

उत्सव के अवसर पर हराही तालाब में नौकायन प्रतियोगिता तथा कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त मिथिला पेंटिंग प्रतियोगिता दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिसमें 14 से 18 वर्ष एवं 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। दोनों आयु वर्गों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, खेल प्रतियोगिताएँ एवं अन्य गतिविधियाँ नेहरू स्टेडियम एवं पोलो मैदान में आयोजित की जाएँगी। कार्यक्रम के दौरान सभी विभागों द्वारा अपने-अपने सूचना एवं प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएँगे।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि उत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच एवं पहचान मिल सके।

बैठक में उप निदेशक जनसंपर्क  सत्येंद्र प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी  परिमल, वरीय उप समाहर्ता  वृषभानु चंद्रा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी  चंदन कुमार सहित सदस्य  कमलाकांत झा, नवीन सिन्हा, जितेंद्र कुमार सिंह एवं अन्य उपस्थित थे।