गायघाट में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, होली से पहले लाखों की विदेशी शराब बरामद,

सीमेंट के पिलरों के बीच बने तहखाने में छुपाकर लाई गई थी शराब, चालक-उपचालक गिरफ्तार

दीपक कुमार | गायघाट

होली के त्योहार को देखते हुए खपाने के लिए मंगाई गई विदेशी शराब की बड़ी खेप पर उत्पाद विभाग ने करारा प्रहार किया है। मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक ट्रक से लाखों रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान ट्रक चालक और उपचालक को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद निरीक्षक दीपक कुमार को गुप्त सूचना मिली कि गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा से करीब 200 मीटर आगे राजस्थान तेज लाइन होटल परिसर में एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है। बताया गया कि ट्रक में सीमेंट के पिलर लदे हैं और उनके बीच बने विशेष तहखाने में विदेशी शराब छुपाकर लाई गई है।

सूचना मिलते ही उत्पाद निरीक्षक दीपक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक की तलाशी ली। जांच के दौरान सीमेंट के पिलरों के बीच बने तहखाने से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। इसके बाद ट्रक को जब्त करते हुए चालक और उपचालक को हिरासत में लिया गया।

उत्पाद विभाग की टीम जब्त ट्रक को लेकर उत्पादन थाना पहुंची, जहां बरामद शराब का मिलान किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार ट्रक में लाखों रुपये की विदेशी शराब लदी हुई थी, जिसे होली के दौरान खपाने की तैयारी थी।

इस संबंध में उत्पाद निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ट्रक को पकड़ा गया है। ट्रक चालक और उपचालक दोनों राजस्थान के निवासी हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।