लहेरियासराय में खेल एवं व्यामशाला भवन निर्माण में भारी अनियमितता का आरोप, डीएम से जांच की मांग

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

खेल एवं युवा संस्कृति विभाग द्वारा लहेरियासराय स्थित जिला अतिथि गृह (सर्किट हाउस) के समीप बनाए जा रहे खेल एवं व्यामशाला भवन के निर्माण में गंभीर अनियमितता और गुणवत्ता से खुलेआम खिलवाड़ का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन निर्माण में अत्यंत घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है।

नगर अध्यक्ष लहेरियासराय श्रवण कुमार महतो ने इस संबंध में शुक्रवार को माननीय जिला अधिकारी, दरभंगा को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदक और विभागीय अभियंता की मिलीभगत से यह कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य में न तो गुणवत्ता मानकों का पालन हो रहा है और न ही किसी प्रकार की प्रभावी निगरानी दिखाई दे रही है।

श्रवण कुमार महतो ने कहा कि यह भवन खेल एवं युवा संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है, लेकिन जिस तरह से घटिया सामग्री लगाई जा रही है, उससे भवन की मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने इसे जनता के पैसे का खुला दुरुपयोग बताते हुए कहा कि सरकार की आंखों में धूल झोंकी जा रही है।

नगर अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषी संवेदक एवं अभियंता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लग सके।