सिंहवाड़ा थाना कांड 38/26 में बड़ी कार्रवाई, चार नामजद गिरफ्तार, एक बालक निरुद्ध

दस्तक 7मीडिया /सिंहबाड़ा 

सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर फुलो चौक स्थित करीम क्लिनिक दवा दुकान पर हुए जानलेवा हमले और लूटपाट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कमतौल के नेतृत्व में सिंहवाड़ा थाना कांड संख्या 38/26 (धारा 109 BNS सहित अन्य गंभीर धाराएं) के प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध थानाध्यक्ष वसंत कुमार और उनके टीम द्वारा छापेमारी की गई।

इस दौरान पुलिस ने शनाउल्लाह खान उर्फ गोनू, पिता अब्दुल खान, सा० कल्याणपुर, चंद्रभूषण ठाकुर, पिता रामनाथ ठाकुर, सा० भरवाड़ा,अरविन्द कुमार, पिता लालबाबू यादव, सा० भरवाड़ा,नीतीश राम, पिता पवन राम, सा० कल्याणपुर को विधिवत गिरफ्तार किया। वहीं घटना में संलिप्त एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

ज्ञात हो कि 02 फरवरी 2026 की संध्या अपराधियों ने हथियारों से लैस होकर करीम क्लिनिक पर हमला किया था, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे तथा दुकान से नकद राशि की लूट भी की गई थी। घटना के समय दो अभियुक्तों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, जिनके विरुद्ध शराब सेवन की पुष्टि भी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।