एनएच-27 पर परिवहन विभाग की कथित अवैध वसूली के खिलाफ ट्रक चालकों का उग्र प्रदर्शन, घंटों जाम रहा फोरलेन

दस्तक 7मीडिया ,सिंहवाड़ा/दरभंगा 

एनएच-27 फोरलेन पथ पर सिमरी क्षेत्र में शुक्रवार को परिवहन विभाग द्वारा की गई कथित अवैध वसूली से आक्रोशित ट्रक चालकों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संतरा लदे एक ट्रक का चालान काटे जाने के बाद भड़के चालकों ने अपने वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर दोनों लेन को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक यातायात ठप रहा।

जानकारी के अनुसार, फाइन किए गए ट्रक के चालक मो. अशफाक, निवासी श्रीनगर (कश्मीर) ने बताया कि वह पंजाब से फल लोड कर पश्चिम बंगाल के मालदा मंडी जा रहे थे। इसी दौरान शास्त्री चौक के पास परिवहन विभाग का स्टीकर लगे एक वाहन ने ट्रक को ओवरटेक कर रुकवाया। वाहन में सवार एक पुरुष और एक महिला अधिकारी ने बीस हजार रुपये का चालान करने की बात कही।

आरोप है कि इसके बाद परिवहन विभाग के वाहन चालक ने कथित रूप से पाँच हजार रुपये देकर मामला निपटाने का दबाव बनाया। इसी दौरान ट्रक चालक द्वारा वीडियो बनाने पर महिला अधिकारी और चालक के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना से अन्य ट्रक चालक भी आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही सिमरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार और सिंहवाड़ा थाना प्रभारी बसंत कुमार मौके पर पहुंचे और आक्रोशित चालकों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच, दरभंगा में प्रस्तावित बिहार के उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर एनएच-27 से गुजर रहे डीसीएलआर अविनाश कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रक चालकों से वार्ता की।

ट्रक चालकों ने चालान को तत्काल रद्द करने की मांग की। अधिकारियों द्वारा 24 घंटे के भीतर चालान की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद आक्रोशित चालकों ने सड़क जाम हटाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।

घटना के दौरान एनएच-27 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम यात्रियों और मालवाहक वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।