दहेज की भेंट चढ़ी एक और बेटी, विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में थी लापता,एक दिन पहले मिली शव

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी पुत्री राधा देवी की दहेज के लिए हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताते हुए 29 जनवरी 2026 को लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। गायब के सात दिन बाद उक्त विवाहिता का शव नदी में जिस स्थिति में मिली उससे यह स्पष्ट हो गया है कि ससुराल वालों ने दहेज की खातिर उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया। जिसका खुलासा गुरुवार को उस वक्त हुई जब विवाहिता राधा के मायके वालों को खोज के दौरान उसे कोनी घाट नदी में एक बोरी में बंद शव मिला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी के अनुसार सहरी स्थित लंका ग्राम निवासी कुशेश्वर सदा ने पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री राधा देवी की शादी करीब दो साल पहले पोखराम उतरी (पार मुसहरी) निवासी अमरजीत सदा पिता सियाराम सदा के साथ हुई थी। शिकायत आवेदन में आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले (पति अमरजीत सदा, ससुर सियाराम सदा,भैसुर दिनेश सदा और ननद बौधी देवी) दहेज में एक मोटरसाइकिल और ₹1 लाख नगद की मांग को लेकर राधा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। मृतिका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी को खाना-कपड़ा और यहां तक कि साबुन-तेल तक देना बंद कर दिया गया था। मामले को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत बुलाई गई, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी दहेज की मांग पर अड़ा रहा और विदाई करने से मना कर दिया। पिछले एक सप्ताह से राधा से संपर्क न होने पर जब पिता अपने ग्रामीणों के साथ उसकी ससुराल पहुंचे, तो वहां घर में ताला लटका मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग 21 जनवरी 2026 से ही लापता हैं। पिता ने आशंका जताई थी कि उनकी पुत्री की दहेज के लिए हत्या कर दी गई है और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को कहीं गायब कर दिया गया है।
पीड़ित पिता ने बिरौल थानाध्यक्ष से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज किया गया है। गुरुवार को अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर पोस्टमार्टम हेतु शव को डीएमसीएच भेज दिया। एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। फिलहाल घर के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं।