पीएम ई-विद्या चैनल के संदर्भ में शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

दस्तक 7मीडिया /हनुमाननगर

शनिवार को उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरो में पदस्थापित सभी शिक्षकों को पीएम ई-विद्या चैनल के उपयोग एवं महत्व को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार द्वारा दिया गया।

प्रधानाध्यापक ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम ई-विद्या चैनल पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल शैक्षणिक प्लेटफार्म है, जो “वन क्लास, वन चैनल” के सिद्धांत पर आधारित है। इसकी शुरुआत 30 मई 2020 को पूरे देश में की गई थी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डीटीएच के माध्यम से छात्रों को कम लागत में उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ कराना है।

उन्होंने बताया कि बिहार के छात्रों के लिए चैनल संख्या 63, 64, 65, 66 एवं 67 उपलब्ध हैं, जिन पर निपुण शिक्षकों द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित शिक्षण सामग्री साझा की जाती है। इससे न केवल नई शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों की पूर्ति होगी, बल्कि बच्चों के समग्र विकास के लिए भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार होगा।

प्रधानाध्यापक ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे कक्षा में बच्चों को पीएम ई-विद्या चैनल की जानकारी अनिवार्य रूप से दें और इसके उपयोग के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें।

मौके पर शिक्षक जितेन्द्र कुमार, शंभूनाथ राय, बबीता, अंशु प्रभा, प्रियंका, आमिर खान, गौतम जौहरी, अनुराग कुमार मंडल, रमण कुमार, राजेश सहित अन्य शिक्षकों ने अपने मोबाइल के प्ले-स्टोर से पीएम ई-विद्या ऐप डाउनलोड कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की।

खुशी जाहिर करते हुए शिक्षिका बबीता ने कहा कि यह चैनल शिक्षकों के क्षमता संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।