राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार में सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय समाज कल्याण विभाग मंत्री श्री मदन सहनी, बिहार सरकार थे। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती चाँदनी सिंह, उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी सहित विभिन्न प्रशाखाओं के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री श्री मदन सहनी, जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी महिला एवं बाल विकास निगम श्रीमती चाँदनी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, उनकी शिक्षा एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देना तथा बाल विवाह और भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना ही इस दिवस का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिले में निरंतर जागरूकता एवं सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

माननीय मंत्री श्री मदन सहनी ने कहा कि सरकार द्वारा कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम हेतु बनाए गए कानूनों का कठोरता से अनुपालन कराया जा रहा है। पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित जांच एवं जन-जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना, मिशन शक्ति जैसी योजनाओं से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता को सशक्त आधार मिला है। सरकार ने कन्या भ्रूण हत्या जैसे अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई है। उन्होंने किसी भी समस्या की स्थिति में महिला हेल्पलाइन 181 पर संपर्क करने की अपील की।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। संवाद के दौरान बालिकाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं भविष्य से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं अपेक्षाएं साझा कीं। जिला पदाधिकारी ने बालिकाओं की बातों को गंभीरता से सुना तथा उनके सर्वांगीण विकास हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने आमजन से भी बालिकाओं के सम्मान, संरक्षण एवं सशक्तिकरण में सहभागी बनने की अपील की।

कार्यक्रम में इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को ट्रैकसूट एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लोगोयुक्त सिरेमिक कप देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वॉलीबॉल प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा कला एवं संस्कृति के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट पहचान बनाने वाली प्रतिभावान बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ समाज को यह संदेश देता है कि हर क्षेत्र में बेटियाँ आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि बेटियों को अवसर, विश्वास और सुरक्षित वातावरण मिलेगा, तो वे समाज और देश का नाम रोशन करेंगी। बालिकाओं का सशक्तिकरण ही सामाजिक परिवर्तन की वास्तविक कुंजी है।

कार्यक्रम के अंत में सेल्फी प्वाइंट पर बालिकाओं ने उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ सहभागिता की। तत्पश्चात माननीय मंत्री, जिला पदाधिकारी एवं उपस्थित बालिकाओं द्वारा गुब्बारे आकाश में छोड़कर कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया गया।

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा बालिकाओं के सम्मान, सशक्तिकरण एवं सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक सशक्त और सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह, जिला मिशन समन्वयक  ऋषि कुमार, केंद्र प्रशासक  अजमतुन निशा, कार्ड्स संस्था के जिला समन्वयक  नारायण मजुमदार सहित महिला एवं बाल विकास निगम के सभी कर्मी उपस्थित थे।