पैक्स चुनाव 2026 को लेकर जिला स्तर पर कोषांग गठित, अधिसूचना जारी
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) निर्वाचन 2026 के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (सहकारिता) सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आदेश जारी किया है। आदेश के तहत जिला स्तर पर विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है तथा उनमें पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पैक्स चुनाव 2026 से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध एवं निर्देशों के अनुरूप पूरा करना सुनिश्चित करें।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन की प्रक्रिया 21 एवं 22 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 जनवरी (शनिवार) एवं 27 जनवरी (मंगलवार) को इसी समयावधि में की जाएगी।
अभ्यर्थिता वापसी एवं प्रतीक आवंटन की तिथि 29 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। मतदान 6 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक होगा, जबकि मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद उसी दिन कराई जाएगी।
मतदान दलों एवं मतगणना से संबंधित सामग्री, प्रशिक्षण कर्मियों के लिए वाहन आदि की व्यवस्था संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी साख समिति सह प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।