किसान योजनाओं को लेकर डीएम ने संभाला मोर्चा, फार्मर आईडी व ई-केवाईसी कैंप का औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
किसान योजनाओं को लेकर डीएम ने संभाला मोर्चा, फार्मर आईडी व ई-केवाईसी कैंप का औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
किसान योजनाओं को लेकर डीएम ने संभाला मोर्चा,
फार्मर आईडी व ई-केवाईसी कैंप का औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा जिले में किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ ससमय उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बहादुरपुर प्रखंड के तारालाही एवं ओझोल पंचायत सरकार भवन में लगाए गए फार्मर आईडी एवं ई-केवाईसी शिविर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फार्मर आईडी निर्माण, ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मौके पर उपस्थित राजस्व कर्मचारी, किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक एवं अन्य संबंधित कर्मियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सभी पात्र किसानों का फार्मर आईडी और ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंच सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड में दो चरणों में किया जा रहा है। प्रथम चरण का कार्य 09 जनवरी 2026 तक चलेगा, जबकि द्वितीय चरण में 18, 19, 20 एवं 21 जनवरी 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर अपना फार्मर आईडी अवश्य बनवाएं। साथ ही निर्देश दिया कि जिले के सभी राजस्व ग्रामों में ई-केवाईसी करते हुए फार्मर आईडी निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारी की होगी।
डीएम ने कहा कि फार्मर आईडी किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगमता से प्राप्त हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, अंचल अधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।