घर के पीछे संदिग्ध हालत में युवक का शव मिलने से सनसनी, मब्बी थाना क्षेत्र में तनाव
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
मब्बी थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय निवासी मनोज महतो के पुत्र साजन कुमार का शव घर के पीछे संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मब्बी थानाध्यक्ष को दी।
सूचना पर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची, जहां आक्रोशित लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना, विश्वविद्यालय थाना, सदर थाना सहित अन्य थानों की पुलिस को बुलाया गया। साथ ही सदर एसडीपीओ राजीव कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
इसके बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल की गहन जांच की और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर अपने साथ ले गई।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक की आंख के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के कई निशान दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
मृतक के छोटे भाई सुमन कुमार ने आशंका जताई है कि साजन की हत्या जमीन विवाद को लेकर की गई है। उन्होंने कहा कि शव घर के बिल्कुल पीछे मिला है, जिससे किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि सबसे पहले उनकी मां ने घर के पीछे जमीन पर साजन को गिरा हुआ देखा। पहले उन्हें लगा कि ठंड के कारण वह वहीं लेटा है, लेकिन पास जाकर देखने पर उसकी आंख पर गंभीर चोट के निशान थे और कान व नाक से खून निकल रहा था। सुमन कुमार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मृतक के बड़े भाई राजन कुमार ने बताया कि साजन रात करीब 9 बजे खाना खाकर पुराने घर से नए घर में सोने के लिए गया था। सुबह सूचना मिली कि वह घर के पीछे पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि साजन की आंख के नीचे गंभीर चोट थी और माथे पर चाकू से वार का निशान प्रतीत हो रहा था।
इधर, स्थानीय जनप्रतिनिधि उदय कुमार सहनी, दरभंगा नगर निगम के वार्ड परिषद प्रतिनिधि पप्पू खां सहित राहुल कुमार समेत कई अन्य स्थानीय लोगों ने इसे बेहद गंभीर मामला बताया। उनका कहना है कि घर के पीछे युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलना कई सवाल खड़े करता है और मामले की निष्पक्ष व गहन जांच जरूरी है।
दरभंगा पुलिस की सख़्त कार्रवाई: एक ही दिन में NBW/इश्तिहार/कुर्की वारंटी व विभिन्न कांडों के कुल 30 अभियुक्त गिरफ्तार
दरभंगा में फिर लौटी सख़्ती: वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था आज से लागू, जाम से मुक्ति की उम्मीद,पुराने वन वें ट्रेफिक व्यवस्था था बहुत ही कारगर ,उल्टे पांव चलने पर डीएसपी और एडीएम स्तर के पदाधिकारी को भी भरना पड़ा था जुर्माना।