अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस: बिहार पुलिस की सख्त कार्रवाई, राजधानी पटना में एक के बाद एक बड़ी उपलब्धियाँ
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए #BiharPolice ने राजधानी पटना में एक ही दिन में कई बड़ी और प्रभावी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। साइबर अपराध, संगठित ठगी, हत्या, अवैध खनन और तस्करी जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
1. साइबर फ्रॉड गैंग का सरगना गिरफ्तार, कमीशन पर रखे थे स्टाफ
पटना में साइबर थाना पुलिस ने एक संगठित साइबर फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने ठगी के लिए बाकायदा कमीशन बेस्ड स्टाफ रखा था, जो फर्जी कॉल, लिंक और डिजिटल माध्यमों से लोगों को जाल में फंसाते थे। पुलिस ने कई डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल फोन और बैंक से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
2. वाहन जांच के दौरान 2.8 किलो चांदी व ₹4 लाख नकद बरामद
नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। जांच के क्रम में एक संदिग्ध वाहन से 2.8 किलोग्राम चांदी और चार लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने सामग्री को जब्त कर लिया है और तस्करी अथवा अवैध लेन-देन की आशंका को लेकर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
3. नकली हार देकर 16 लाख की ठगी, तीन सगे भाई गिरफ्तार
कीमती आभूषण के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने नकली हार थमा कर पीड़ित से 16 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने नकली आभूषण, नकद राशि और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इस गिरोह के अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
4. प्रतिशोध में ई-रिक्शा चालक की हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए
पटना में ई-रिक्शा चालक की हत्या के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन नाबालिगों को पकड़ा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना पुराने विवाद और प्रतिशोध का परिणाम थी। विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
5. पालीगंज में अवैध बालू खनन पर कड़ा प्रहार, चार ट्रक जब्त
अवैध बालू खनन और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पालीगंज क्षेत्र में बालू लदे चार ट्रक जब्त किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोषियों पर 36 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।