कैमूर के नगर पंचायत मोहनिया में शुक्रवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश की तर्ज पर की गई, जिसमें बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। नगर पंचायत प्रशासन ने पहले कई दिनों तक माइकिंग के जरिए लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण न हटने पर प्रशासन ने पुलिस बल के साथ अभियान शुरू किया।
अभियान के दौरान मोहनिया के एसडीएम अनिरुद्ध पांडे, डीएसपी प्रदीप कुमार, मोहनिया थाना पुलिस और नगर पंचायत के कर्मचारी भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। टीम ने स्टुवरगंज, भभुआ रोड, रामगढ़ रोड और दुर्गावती रोड स्थित सर्विस रोड पर बने स्थायी अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया। प्रशासन ने कई दुकानों के आगे बने अवैध निर्माण और रास्ते में रखे सामानों को भी जब्त कर लिया।
50 बोरा आलू और 25 बोरा प्याज जब्त किया गया
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया। दुकानदार मोहम्मद अल्ताफ राजभर ने आरोप लगाया कि उन्होंने नाली के किनारे अपनी ही जमीन पर प्याज और आलू के बोरे रखे थे, जिन्हें नगर पंचायत के कर्मचारियों ने जब्त कर लिया। उन्होंने बताया कि लगभग 50 बोरा आलू और 25 बोरा प्याज जब्त किया गया। राजभर ने यह भी कहा कि गरीबों पर सख्ती की जा रही है और ठेला वालों से भी जबरन वसूली होती है।
अतिक्रमण हटाने समय बड़ी संख्या में पुलिस मौजूद रही।
दोबारा अतिक्रमण करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी – प्रशासन
एसडीएम मोहनिया अनिरुद्ध पांडे ने स्पष्ट किया कि मोहनिया नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि ठेला लगाने वालों के लिए जगजीवन स्टेडियम के सामने और भवन कार्यालय के पास वेंडिंग जोन निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, वाहन पार्किंग के लिए भी सरकारी भूमि चिह्नित की जा रही है, जो जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
