दरभंगा/
शांति धार नदी के उड़ाही कार्य का सर्वे करने गये बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कनीय अभियंता पंकज कुमार भारती की मौत बिजली के करंट लगने से हो गई। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह अधीक्षण अभियंता संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, सहायक अभियंता अभिषेक कुमार, कनीय अभियंता पंकज कुमार भारती, अंजनी कुमार, संजीव कुमार बांध पर पहुंचकर सर्वे कर रहे थे। अभियंताओं की टीम में एक भी मजदूर नहीं था। जिसकी वजह से कनीय अभियंता पंकज कुमार भारती ने सर्वे के दौरान खुद स्टाफ पकड़ लिए, कुछ दूर जाने के बाद बिना ऊपर देखे बांध पर एल्यूमिनियम से बने डंटे (स्टाफ) को खड़ा किया उसी दौरान बांध के ऊपर से गुजर रहे हैं 11 हजार वोल्ट के तार में स्टाफ सट गया जिससे श्री भारती करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह घायल हो गए। आनन फानन में अभियंताओं ने उन्हें हनुमान नगर स्थित पीएचसी ले गए जहां से बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर ने डीएमसीएच भेज दिया। डीएमसीएच में पहुंचने के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत बता दिया।
डीएमसीएच में उपस्थित कुछ कनीय अभियंताओं ने बताया कि उस क्षेत्र के मजदूर को सर्वे कार्य में रखा जाता तो शायद पंकज भारती की मौत नहीं होती। वही अभियंताओं का कहना था कि बिजली विभाग के द्वारा बांध पर बिना विभाग को बताए बिजली का पोल लगा दिया जाता है।
नियमानुसार यह पोल ऊंचाई पर लगाई गई होती तो शायद घटना नहीं घटती। पंकज भारती के चचेरे भाई गौतम कुमार भारती जो दरभंगा जिले के ग्रामीण बैंक में पदस्थापित है उन्होंने बताया कि उनके शरीर के किसी भी भाग में बिजली के करंट से जलने का निशान नहीं है। जैसे ही परिजन डीएमसीएच पहुंचे। सहायक अभियंता अभिषेक कुमार को देखते ही आक्रोशित हो गए और उनके साथ हाथापाई करने लगे। उपस्थित अभियंताओं ने वहां से अभिषेक कुमार को हटाया फिर परिजन शांत हुए। पत्नी विभा कुमारी,मां-पिता सहित ससुराल पक्ष के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ था। पंकज भारती के बड़े भाई रवि कुमार भारती भी अभियंता है जो पटना स्थित पीडब्ल्यूडी के अंचल कार्यालय में कनीय अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। पंकज भारती अपने पीछे पत्नी विभा कुमारी, 6 वर्षीय पुत्र बिवान वैभव, और 3 वर्षीय पुत्र विपुल वैभव को छोड़ गए हैं। कन्या अभियंता के पिता बिंदेश्वर बैठा कुछ दिन पूर्व शिक्षक के पद से सेवानिवृत हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद दोनों पुत्र में से एक पुत्र को पटना में मकान वहीं दूसरे पुत्र पंकज भारती को मुजफ्फरपुर स्थित अहियापुर में मकान बनाने में सहयोग किए। एक माह पूर्व ही घर का गृह प्रवेश हुआ था। बेंता सहायक थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि पंकज भारती की मौत कैसे हुई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर गांव चले जाएंगे।

