भागलपुर के केबी लाल रोड पर स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। तीन दिन पहले नगर निगम की ओर से नाला उगाही तो करा दी गई, लेकिन उसका गाद सड़क किनारे ही छोड़ दिया गया।

नाले की सफाई के बाद उठा मलबा सड़क पर ढेर की तरह जमा है, जिससे सड़क काफी संकरी हो गई है। परिणामस्वरूप रोजाना जाम की स्थिति बन रही है और स्कूली बच्चों से लेकर स्थानीय राहगीरों तक सभी को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सुबह और शाम के समय स्थिति और भी विकट हो जाती है। स्कूल टाइम पर सड़क इतनी तंग हो जाती है कि बच्चों को पैदल गुजरने के लिए भी सुरक्षित जगह नहीं मिलती। अभिभावक बताते हैं कि मलबे के कारण बच्चों को गिरने का डर रहता है और दोपहिया वाहन सवारों का संतुलन बिगड़ने की आशंका बनी रहती है।

समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रही हैं। लोगों का कहना है कि महापौर कार्यालय तक सीमित रहती हैं और जमीन हालात देखने शायद ही कभी निकलती हों।

विरोध जताते हुए मोहल्लेवासियों ने कहा कि स्मार्ट सिटी होने का दावा करने वाला भागलपुर बुनियादी सुविधाओं के मामले में फेल होता दिख रहा है। दुकानदार मनोज ने बताया कि मलबा जमा रहने से दुकान तक ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया है।

धूल उड़ने से लगातार गंदगी फैल रही है। वहीं, कई लोगों ने बताया कि शाम के समय सड़क पर पैदल चल पाना भी मुश्किल हो जाता है, क्योंकि मलबे के कारण जगह बेहद कम बचती है और वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल सड़क से मलबा हटाने की मांग की है।