सुपौल शहर में लगातार बढ़ते जल प्रदूषण और दूषित भूमिगत जल की समस्या के बीच नगर परिषद सुपौल ने आम लोगों के लिए राहत भरी पहल की है।

नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में आधुनिक वाटर एटीएम लगाए गए हैं। सोमवार को नगर परिषद के चेयरमैन ने कुल 15 स्थानों पर इन वाटर एटीएम का उद्घाटन कर उन्हें आम नागरिकों के लिए समर्पित किया।

मुख्य चौक-चौराहों पर 1 रुपये में पिएं शुद्ध पानी

इन वाटर एटीएम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि बाजार और मुख्य चौक-चौराहों पर मात्र 1 रुपये में शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा, जबकि वार्डों में लगाए गए एटीएम पर लोगों को पूरी तरह मुफ्त में स्वच्छ पानी मिल सकेगा।

यह सुविधा विशेष रूप से गरीब, मजदूर, रिक्शा चालक, ठेला-पटरी वाले, राहगीरों और आम जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

खगड़िया बासा वार्ड 8 सहित 15 स्थानों पर स्थापित किए गए

वॉटर एटीएम विद्यापुरी पासवान टोला, इंदिरा नगर वार्ड 3, वार्ड 4 स्थित डिग्री कॉलेज, सब्जी मंडी, पटेल चौक, खगड़िया बासा वार्ड 8 सहित 15 स्थानों पर स्थापित किए गए हैं। नगर परिषद का कहना है कि जरूरत और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए इस संख्या को आगे और बढ़ाया जाएगा।

हाल के वर्षों में पर्यावरण प्रदूषण के कारण भूमिगत जल की गुणवत्ता गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। कई परीक्षणों में पानी में हानिकारक तत्वों की बढ़ी मात्रा पाई गई है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। विशेषज्ञों ने तो यहां तक चेताया है कि प्रदूषण का असर अब माँ के दूध तक में दिखने लगा है, जिसे पहले पूरी तरह सुरक्षित माना जाता था।

जल प्रदूषण को देखते हुए लागू की गई व्यवस्था

उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने कहा कि बढ़ते जल प्रदूषण को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि हर नागरिक को शुद्ध पेयजल मिल सके।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य शहर के 28 वार्डों की जनता की आकांक्षा के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद गगन ठाकुर, मनीष कुमार सिंह, मिथलेश मंडल, बबलू कामत, जदयू नेता सुनील सिंह और भाजपा नेता गिरीश चंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे।