विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद सहित विविध प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा /
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 26 नवम्बर 2025 को ‘नशा मुक्ति दिवस’ व्यापक रूप से मनाया जाएगा। मद्यनिषेध नीति के प्रभावी कार्यान्वयन एवं सभी प्रकार के नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से जनता को अवगत कराने हेतु जिले में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों में नशीले पदार्थों के परित्याग को लेकर चेतना विकसित हो सके।
गौरतलब है कि अधिवेशन भवन, पटना में नशा मुक्ति दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम का Live Video Streaming डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार, समाहरणालय परिसर, लहेरियासराय, दरभंगा में किया जाएगा। Live Streaming की तकनीकी व्यवस्था जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी एवं आईटी मैनेजर, दरभंगा द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
राज्य स्तरीय अभिभाषण के लाइव प्रदर्शन का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके, इसके लिए प्रबुद्धजनों तथा आम नागरिकों को इस कार्यक्रम से जोड़ने की जिम्मेदारी डीपीएम जीविका एवं सिविल सर्जन, दरभंगा द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर 26 नवम्बर को जिले में प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ भाग लेंगे। प्रभात फेरी के दौरान पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से नशीले पदार्थों और जहरीली शराब के दुष्परिणामों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अलावा, जिला स्तर पर उच्च विद्यालयों में निबंध लेखन, चित्रकला, वाद-विवाद एवं अन्य प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उक्त समस्त कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध, दरभंगा के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाना सुनिश्चित करें।