NH–27 पर दर्दनाक सड़क हादसा: स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर पलटी, तीन की मौत, चार गंभीर
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
रविवार अहले सुबह NH–27 पर दरभंगा पब्लिक स्कूल के सामने एक भीषण सड़क हादसे में तीन व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:00 बजे हुआ जब BR43 AC 2129 नंबर की स्कॉर्पियो पटना से मधेपुरा की दिशा में जा रही थी।
यातायात पुलिस उपाधीक्षक, विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष, यातायात थानाध्यक्ष और मोटरयान निरीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से किए गए निरीक्षण के अनुसार, वाहन का संतुलन अचानक बिगड़ गया और स्कॉर्पियो का दाहिना पहिया सड़क के बीच बने लगभग 5 इंच ऊँचे डिवाइडर पर चढ़ गया। डिवाइडर पर चढ़ने के बाद वाहन करीब 100 मीटर तक अनियंत्रित रूप से दौड़ता रहा और फिर आरओबी डिवाइडर से जोरदार टक्कर मारते हुए विपरीत लेन में पलट गया।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत
स्कॉर्पियो में कुल 7 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई—
• निर्मल कुमार (28), पिता दुखा यादव, निवासी साहूगढ़, मधेपुरा
• उमेश यादव (50), पिता सियाराम यादव, निवासी महेसुआ, भराही, मधेपुरा
• चंदन यादव (40), पिता उमेश्वर यादव, निवासी अरताहा, शंकरपुर, मधेपुरा
चार गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है—
• विभा देवी (45), रायबीर, शंकरपुर
• सुधीर यादव (25), कोलुआहा, शंकरपुर
• अभिमन्यु कुमार (24), मोरा, शंकरपुर
• गुड्डु कुमार (24), रायबीर, शंकरपुर
पुलिस ने शुरू की विधि-सम्मत कार्रवाई
विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। हादसे की तकनीकी जाँच, वाहन की स्पीड, ब्रेक सिस्टम और चालक की लापरवाही की पुष्टि हेतु रिपोर्ट तैयार की जा रही है। साथ ही मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम हेतु भेज दिया गया है।
यातायात डीएसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में अत्यधिक गति और नियंत्रण खोना हादसे का प्रमुख कारण प्रतीत होता है। पुलिस इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।