सीवान के दरौंदा थाना क्षेत्र के खरसड़ा गांव में दहेज की मांग को लेकर एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान खरसड़ा गांव निवासी श्रवण राय की पत्नी संजू देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
2 साल पहले श्रवण राय से धूमधाम से हुई थी शादी
मृतका के भाई ने बताया कि वह छपरा के दरियापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। 2 साल पहले उसकी बहन संजू की शादी खरसड़ा गांव के श्रवण राय से बड़े ही धूमधाम से की गई थी।
शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज में अतिरिक्त रुपये और सामान की मांग की जा रही थी। इसको लेकर कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन परेशानियां कम नहीं हुईं।
संजू से बात करने का किया प्रयास, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब संजू से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। इसी दौरान पड़ोसियों से सूचना मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है।
परिजन तुरंत गांव पहुंचे तो देखा कि संजू का शव घर के अंदर पड़ा है और घर के सभी सदस्य मौके से फरार हैं। इसके बाद घटनास्थल की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के सदर अस्पताल भेजा
सूचना मिलते ही दरौंदा थाना प्रभारी पपन कुमार ने गश्ती दल को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने घर में प्रवेश कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है और परिजनों द्वारा लगाए गए दहेज हत्या के आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामला किया दर्ज, आरोपियों की तलाश तेज
मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी गई। परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ससुराल पक्ष के फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
