कृषि विज्ञान केंद्र, अररिया में बुधवार 19 नवम्बर को किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त का सीधा प्रसारण बड़े उत्साह के साथ दिखाया गया। भारी संख्या में किसान केंद्र परिसर में एकत्र हुए और प्रधानमंत्री द्वारा किए गए संबोधन तथा राशि हस्तांतरण कार्यक्रम को उत्सुकता से देखा।

 

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, अररिया के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. विनोद कुमार, डॉ. संजय कुमार (सिंचाई अनुसंधान), डॉ. संजीत कुमार (पौध संरक्षण), सस्य वैज्ञानिक डॉ. राम नरेश, सुमन कुमारी (उद्यान) सहित सहायक निदेशक कृषि विज्ञान, अररिया सौरभ कुमार तथा आफताब आलम उपस्थित रहे। सभी विशेषज्ञों ने किसानों को संबोधित करते हुए आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, समेकित खेती, फसल विविधिकरण, सूक्ष्म सिंचाई, प्राकृतिक खेती और केंद्र द्वारा उपलब्ध विभिन्न प्रशिक्षण सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

वैज्ञानिकों ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आर्थिक मजबूती, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है। विशेषज्ञों ने किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा कृषि विज्ञान केंद्र से लगातार जुड़े रहने की अपील की।

 

ताकि वे नवीन तकनीकों से अवगत रहकर लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में किसानों के बीच उल्लास का माहौल रहा। किसानों ने सरकार तथा कृषि विज्ञान केंद्र के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के पहल से उन्हें नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिलता है। कृषि विज्ञान केंद्र, अररिया के अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी किसानों के हित में प्रशिक्षण, जागरूकता अभियान और तकनीकी मार्गदर्शन जारी रहेगा। जिससे जिले के किसान अधिक उत्पादन, अधिक आय और टिकाऊ कृषि की ओर निरंतर आगे बढ़ सकें।