किशनगंज शहर के हलिम चौक के पास महिलाओं सहित 21 लोगों से ठगी के मामले में मंगलवार को सदर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि एक चिटफंड कंपनी ने बैंक से डेढ़ लाख रुपये का लोन दिलवाने के नाम पर कुल एक लाख दस हजार रुपये ठग लिए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी
यह एफआईआर 2 व्यक्तियों, रतन कुमार और प्रभाष कुमार, सहित अन्य के विरुद्ध दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार कंपनी ने पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये का लोन दिलवाने का वादा किया था और इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति से पांच-पांच हजार रुपये जमा करवाए थे। ठगी का शिकार हुए 21 लोगों में 14 से 15 महिलाएं शामिल हैं। ये सभी पीड़ित बहादुरगंज थाना क्षेत्र और पश्चिम बंगाल के निवासी हैं।
प्रदर्शनकारियों ने किशनगंज-बहादुरगंज सड़क पर लगाया जाम
मंगलवार को हलिम चौक पावर हाउस के पास स्थित कंपनी कार्यालय के बाहर पीड़ितों ने जमकर हंगामा किया। जब वे लोन की जानकारी लेने कार्यालय पहुंचे तो उन्हें ताला बंद मिला, जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। प्रदर्शनकारियों ने किशनगंज-बहादुरगंज मुख्य सड़क को भी जाम कर दिया था।
सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई और सड़क जाम समाप्त हुआ।
