किशनगंज:बिहार विधानसभा चुनाव2025 के दूसरे चरण के तहत आज 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. सीमांचल के चारों जिलों पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया में भी सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. वोटिंग को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रही है. सुबह से ही मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें दिख रही हैं. इनमें महिलाओं की तादाद ज्यादा नजर आ रही है.

किशनगंज में मतदाताओं की लंबी कतार:सीमांचल के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ नजर आ रही है. किशनगंज में भी बूथों पर लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही है. इनमें बड़ी तादाद में महिला वोटर्स भी शामिल हैं. युवाओं की भी अच्छी संख्या दिख रही है. तमाम लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.

 

दिलीप जायसवाल ने डाला वोट: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पत्नी और बेटे के साथ किशनगंज में वोट डाला. इस दौरान उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है. जायसवाल ने कहा कि सुबह से करीब-करीब एनडीए के सभी उम्मीदवारों से बात करने का मौका मिला. चारों तरफ बहुत अच्छा माहौल है. सभी बूथों पर लंबी लाइन लगी है.

 

“पूरे बिहार में उत्सव का माहौल है. नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के विकास की बयार में मतदाता मतदान कर रहे हैं. फिर से एक बार एनडीए की सरकार बनाने के लिए यहां के मतदाता ने ठान लिया है. पूरे बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है. पूरे बिहार के मतदाता इसका मन बना लिए हैं.”-डॉ. दिलीप जायसवाल, अध्यक्ष, बिहार बीजेपी

दिल्ली धमाकेको लेकर दिलीप जायसवाल ने कहा, ‘ये घटना बहुत दुखद है. मुझे लगता है कि इस तरह की घटना को अंजाम देकर पूरे देश के माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है. मैं विपक्ष के नेताओं से अपील करूंगा कि आतंकवाद के खिलाफ खुलकर बोलिए. क्यों नहीं आप बोलते हैं खुलकर? राहुल गांधी जी की क्या मजबूरी है? राहुल गांधी जी अपनी सेना और सरकार पर उंगली उठाने से अच्छा है कि जो देश विरोधी हैं और जो देश के साथ गद्दारी कर रहे हैं, उनके खिलाफ बोलिए.’

पूर्णिया में पप्पू यादव ने डाला वोट:निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पूर्णिया में मतदान किया. इस दौरान उन्होंने महागठबंधन की जीत का दावा करते हुए प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया. पप्पू ने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं पर लीठाचार्ज किया गया है.

“कई बूथों पर मतदाताओं पर लाठी चार्ज किया जा रहा है. कई बूथों पर मशीन खराब है. लोकतंत्र में ये गलत है. सीमांचल-कोसी जिसके साथ खड़ा रहता है, सरकार उसकी बनती है.”-पप्पू यादव, निर्दलीय सांसद, पूर्णिया

किशनगंज में 4 विधानसभा सीट: 2020 चुनाव में आरजेडी ने ठाकुरगंज औैर कांग्रेस ने किशनगंज विधानसभा सीट पर परचम लहराया था, जबकि एआईएमआईएम ने बहादुरगंज और कोचाधामन सीट पर जीत हासिल की थी.

पूर्णिया में 7 विधानसभा सीट:2020 चुनाव में पूर्णिया और बनमनखी में बीजेपी, धमदाहा और रुपौली में जेडीयू और कसबा में कांग्रेस को जीत मिली थी, जबकि अमौर और बायसी सीट पर एआईएमआईएम ने कब्जा जमाया था.

 

कटिहार में 7 विधानसभा सीट:2020 चुनाव में कटिहार, प्राणपुर और कोढ़ा में बीजेपी और बरारी में जेडीयू को जीत मिली थी. वहीं कदवां और मनिहारी में कांग्रेस को सफलता मिली थी, जबकि बलरामपुर में सीपीआई माले का कब्जा है.

अररिया में विधानसभा की 6 सीट: 2020 चुनाव में बीजेपी ने नरपतगंज, फारबिसगंज और सिकटी में जीत हासिल की थी, जबकि रानीगंज में जेडीयू को सफलता मिली. वहीं अररिया सीट पर कांग्रेस और जोकीहाट पर एआईएमआईएम को कामयाबी मिली थी.