जय श्यामा माई के नामधुन से गूंजा श्यामा धाम, नवाह संकीर्तन का भव्य शुभारंभ

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

भक्ति और आस्था के रंग में रंगा दरभंगा का श्यामा धाम सोमवार को जय श्यामा माई नामधुन नवाह संकीर्तन से गूंज उठा। मां श्यामा न्यास समिति के तत्वावधान में नवाह यज्ञ का शुभारंभ विधिवत पूजन और यज्ञ कुंड में अग्नि प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सुबह से ही शहर के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का सैलाब श्यामा मंदिर की ओर उमड़ पड़ा। पूरा परिसर मां श्यामा के जयकारों और नामधुन से गूंजायमान रहा।

भव्य शोभायात्रा में 750 कुमारी कन्याओं की सहभागिता
शुभारंभ से पूर्व समिति की प्रभारी सहसचिव मधुबाला सिंह के नेतृत्व और समाजसेवी नवीन सिन्हा के संचालन में 750 कुमारी कन्याओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर मंदिर परिसर में पहुंची, जहां कन्याओं को श्याम साड़ी और प्रसाद भेंट किया गया।

आस्था और भक्ति से सराबोर रहा माहौल

मुख्य यजमान कैलाश बरोलिया, यज्ञाचार्य श्याम ठाकुर एवं दुर्गानंद ठाकुर की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अखंड हवन प्रारंभ किया गया। भक्तों ने श्रद्धाभाव से मंदिर और यज्ञ कुंड की परिक्रमा की। इस अवसर पर विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’, प्रो. सुरेंद्र मोहन झा, डॉ. श्रीपति त्रिपाठी, पं. कमलाकांत झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

तेरह मंडलियों द्वारा 24 घंटे नामसंकीर्तन

न्यास समिति ने नवाह संकीर्तन के लिए तेरह मंडलियों को अधिकृत किया है। दिन-रात 24 घंटे विभिन्न कलाकारों की मंडलियां भक्ति रस से ओत-प्रोत धुनों में जय श्यामा माई का नाम संकीर्तन प्रस्तुत कर रही हैं। इनमें रामकुमार यादव, बोध नारायण सिंह, महेश कलाकार, अनुपमा मिश्र, डॉ. ममता ठाकुर, डॉ. सुषमा झा, मनोज कुमार मिश्र, पप्पू चौधरी, ब्रह्मदेव राय, रामवृक्ष यादव, कमलेश कुमार और काशीनाथ झा ‘किरण’ की मंडलियां शामिल हैं।

फूलों और झालरों से सजा मां श्यामा का दरबार

मां श्यामा मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

सुरक्षा और व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। संपूर्ण क्षेत्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है और सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। तीन शिफ्टों में दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की नियुक्ति की गई है। साथ ही निःशुल्क जूता-चप्पल स्टैंड, चिकित्सा केंद्र, सुरक्षा केंद्र और प्रसाद वितरण केंद्र भी सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं।

नवाह यज्ञ के शुभारंभ के साथ ही दरभंगा में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरा शहर मां श्यामा की भक्ति में डूबा हुआ है और अगले नौ दिनों तक यह धार्मिक माहौल इसी तरह भक्तिमय बना रहेगा।