शहर में कोई भी दिन ऐसा नहीं रहता है जिस दिन सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें न दिखी हों। शनिवार को भी शहर के सभी सड़कों पर जाम का नजारा आम रहा। विधानसभा चुनाव खत्म होते ही सरकारी कार्यालयों के साथ शहर की दुकानें खुलीं, लोगों की भीड़ दिन चढ़ने के साथ बढ़ने लगी। इसके साथ ही वाहनों का चौतरफा जाम भी शहर में देखने को मिला। सुबह में शहर के सुदर्शन चौक, कचहरी रेलवे ढ़ाला, अस्पताल रोड, जेपी चौक, बाटा मोड़, बबुनिया मोड़, फलमंड़ी,महादेवा रोड आदि जगहों पर जाम रहा। सबसे आधिक अस्पताल रोड और महादेवा रोड में लोग कराहते रहे।

 

आलम यह था कि दस मिनट का रास्ता तय करने में लोगों को कहीं आधा तो कहीं एक घंटे तक का समय लग गया। सप्ताह में आम दिनों की अपेक्षा शनिवार को ट्रैफिक लोड अधिक होने के चलते अक्सर लोगों को जाम से दो-चार होना पड़ता है। यातायात पुलिस व स्थानीय थाना के जवान जाम खत्म कराने के लिए मशक्कत करते दिखे। जाम में फंसे वाहन चालकों का कहना था कि नगर की सड़कों पर आये दिन लगने वाले जाम ने उन्हें परेशान कर रखा है। शनिवार को जाम लगा था। हालांकि फोर्स की तैनाती भी थी। जाम हटाने के लिए लगातार प्रयास किए जाते हैं। जगह-जगह पर मुड़ाव है। इसके वजह से भी जाम लग जा रहा है। अभय कुमार नंदन, यातायात थानाध्यक्ष।