आशा कार्यकर्ताओं ने लोकगीतों के जरिए दिया संदेश; आम जनता से वोट करने की अपील।
भागलपुर जिले में बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोटिंग है। वोटिंग को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज जागरूकता अभियान चलाया।
आशा कार्यकर्ताओं ने लोकगीतों और जनसंदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति प्रेरित किया। महिलाएं पारंपरिक गीत गाती हुई सड़कों पर उतरीं और लोगों को जागरूक किय। ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ और ‘एक वोट से बनेगी सरकार’ जैसे नारे माहौल को जीवंत कर रहे थे।
घर-घर जाकर लोगों को किया जागरूक
आशा कार्यकर्ताओं ने रैली के बाद घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया। ग्रामीणों को वोटिंग, मतदान केंद्र और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्हें यह भी समझाया कि चुनाव पांच वर्षों में एक बार आता है, इसलिए इस अवसर को गंवाना नहीं चाहिए।
एक वोट राज्य की दिशा और दशा बदल सकती है। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ग्रामीण महिलाओं और युवाओं ने आशा कार्यकर्ताओं के लोकगीतों पर तालियां बजाकर समर्थन जताया। कई युवाओं ने कहा कि वे अब अपने परिवार के सभी सदस्यों को मतदान केंद्र तक लेकर जाएंगे।
