छठ व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों की तैयारियों का निरीक्षण करते अधिकारी।
सुपौल के मरौना प्रखंड में आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रचना भारतीय और नदी थाना प्रभारी अमित कुमार ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ रचना भारतीय ने पंचायत प्रतिनिधियों और स्वच्छता कर्मियों को घाटों की सफाई, समतलीकरण और प्रकाश व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि छठ पर्व के दौरान सभी घाटों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोताखोरों की भी व्यवस्था की जा रही है।
बीडीओ ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पर्व लोक आस्था का प्रतीक है, जिसकी पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
