वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा धनतेरस एवं दीपावली को लेकर विधि-व्यवस्था का औचक निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेडडी जला रेडडी द्वारा देर शाम शहर के विभिन्न चौक-चौराहों, चेक पोस्टों एवं ट्रैफिक प्वाइंटों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक ने शहर के मुख्य मार्गों पर लगाए गए चेक पोस्टों, बैरिकेडिंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं गश्ती दलों की तैनाती की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारी मौसम में भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन पर कड़ी नजर रखी जाए।

उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने, दुकानों, बाजारों एवं पूजा स्थलों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया गया कि वाहनों की चेकिंग के दौरान आमजन को असुविधा न हो, परंतु सुरक्षा मानकों से कोई समझौता भी न किया जाए।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक, ट्रैफिक डीएसपी, लहेरियासराय एवं सदर थाना प्रभारी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।