सीवान शहर के व्यस्ततम JP चौक पर शनिवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पूजा की सामग्री खरीदने आए एक बाइक सवार युवक को एक पुलिस अधिकारी ने बिना किसी पूछताछ के सरेआम लाठी से जोरदार प्रहार कर दिया। लाठी इतनी तेज थी कि युवक दर्द से तड़पता हुआ बाइक छोड़कर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी नाराजगी देखी गई और उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक विश्वजीत दरौंदा थाना क्षेत्र के बगौरा गांव का निवासी है। युवक ने बताया कि वह त्योहारी सामग्री खरीदने शहर आया था और सड़क पार करने के लिए किनारे रुका हुआ था। तभी अचानक एक पुलिस अधिकारी आए और बिना कुछ पूछे उसकी कमर पर जोरदार लाठी मार दी। युवक ने बताया कि “अगर मुझसे कोई गलती हुई थी तो बात करनी चाहिए थी या फिर चालान कर देना चाहिए था, लेकिन इस तरह सरेआम मारना कहां तक उचित है।”

लाठी से युवक के पीठ पर लगी चोट।
JP चौक के पास 3 मोहानें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक की कोई गलती नहीं थी। JP चौक के पास 3 मोहानें हैं जिनमें से एक को पुलिस ने बैरियर लगाकर बंद कर रखा है। इससे लोगों को मजबूरन दूसरी ओर से सड़क पार करनी पड़ती है, जो मात्र 25 कदम की दूरी पर है, जबकि यू-टर्न करीब 500 मीटर दूर है। इसी कारण युवक सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था कि पीछे से आकर अधिकारी ने लाठी से वार कर दिया।घटना के बाद लोगों ने पीड़ित को उठाकर सड़क किनारे बैठाया और पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। चश्मदीदों के अनुसार, लाठी इतनी तेज मारी गई थी कि युवक के हाथ से बाइक छूट गई और उसके कमर पर निशान साफ दिखने लगे।

‘वीडियो बनाइए, जहां चलाना है चलाइए’

वहीं जब मीडिया ने दोषी अधिकारी से बात करने का प्रयास किया तो उन्होंने पहले अपना नेम प्लेट तक नहीं लगाया था। पूछताछ पर उन्होंने कहा, “आप कौन होते हैं कारण पूछने वाले, जो मेरा अधिकारी है वही पूछेगा, उसे बता देंगे। वीडियो बनाइए, जहां चलाना है चलाइए।” स्थानीय नागरिकों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह पुलिस की मनमानी और शक्ति के दुरुपयोग का साफ उदाहरण है।