विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर दरभंगा पुलिस हुई एक्शन मोड में, विभिन्न थानों के संवेदनशील क्षेत्रों में CAPF के साथ किया गया फ्लैग मार्च

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दरभंगा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। आज दिनांक 17 अक्टूबर 2025 को दरभंगा जिले के रैयाम थाना, जाले थाना, भालपट्टी थाना, वाजितपुर थाना, पतोर थाना, सदर थाना एवं बिरौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत संवेदनशील एवं अति संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (CAPF) एवं थाना पुलिस बल के संयुक्त तत्वावधान में फ्लैग मार्च एवं एरिया डोमिनेशन किया गया।

इस दौरान पुलिस बल ने गली-मोहल्लों, बाजार क्षेत्रों एवं प्रमुख सड़कों पर फ्लैग मार्च निकालकर लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल बनाया। साथ ही आम नागरिकों से शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग करने एवं किसी भी अफवाह या अनुचित गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में लगातार गश्त, वाहन जांच, फ्लैग मार्च और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और मतदान के दिन तक कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहे।