अलीनगर की हॉट सीट पर उतरीं लोकगायिका मैथिली ठाकुर, भाजपा ने खेला बड़ा दांव ,महागठबंधन अब भी उम्मीदवार तय करने में असमर्थ”

दस्तक 7मीडिया ,अलीनगर /उत्तम सेन गुप्ता 

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा ने बड़ा राजनीतिक दांव खेलते हुए प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर को अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। राजनीति में उनकी यह एंट्री न केवल भाजपा के लिए चर्चा का विषय बनी हुई है, बल्कि पूरे दरभंगा जिले में अलीनगर सीट को हॉट सीट में बदल दिया है।

अलीनगर विधानसभा से पूर्व में भाजपा के मिश्री लाल यादव ने पार्टी का परचम लहराया था, जबकि भाजपा में शामिल होकर पप्पू सिंह उर्फ संजय सिंह ने भी इस क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाई थी। स्थानीय लोगों के बीच उन्हें एक सशक्त नेता के रूप में देखा जाता है, हालांकि इस बार पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पप्पू सिंह की लोकप्रियता और पूर्व विधायक अब्दुल बारीक सिद्दीकी से उनकी निकटता उनके शुरुआती दौर से रही,इस कारण वें समाज के बींच हमेशा रहें , इसके कारण भी अलीनगर की सियासत हमेशा चर्चा में रही है। अब भाजपा ने नए चेहरे के रूप में मैथिली ठाकुर पर भरोसा जताया है, जिन्हें अपने सांस्कृतिक और युवा जनाधार को राजनीतिक ताकत में बदलना होगा।

उधर, महागठबंधन की ओर से अभी तक किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है, जबकि नामांकन की प्रक्रिया में अब केवल दो दिन शेष हैं। 2020 के चुनाव में भाजपा के मिश्री लाल यादव विजयी हुए थे।

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या लोकगायिका मैथिली ठाकुर अपनी लोकप्रियता को मतदान में जनसमर्थन में बदल पाएंगी, या फिर अलीनगर की यह सीट एक बार फिर त्रिकोणीय मुकाबले का केंद्र बनेगी।