सीमावर्ती जिलों के साथ समन्वय को लेकर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक,निर्वाचन को शांतिपूर्ण व भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने पर जोर

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त  कौशल किशोर की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमावर्ती जिलों के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।

आयुक्त ने वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा को निर्देश दिया कि जाले, बिठौली, मनीगाछी, बिशनपुर आदि सीमावर्ती क्षेत्रों के चेकपोस्ट पर 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। लापरवाही पर एक पुलिस पदाधिकारी को निलंबित किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।

आयुक्त ने मधुबनी, समस्तीपुर, बेगूसराय और सीतामढ़ी जिलों के जिलाधिकारियों को भी चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त कराने हेतु कई आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में डीआईजी मिथिला क्षेत्र  स्वप्ना गौतम मेश्राम ने बताया कि सीमावर्ती जिलों में पुलिस चेकपोस्ट को सक्रिय करने, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध शराब की बरामदगी तथा अंतर-जिला समन्वय के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव के दौरान सीएपीएफ की महिला बटालियन की तैनाती की गई है, जिसके लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बैठक में आयुक्त के सचिव  सत्येंद्र कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी  अविनाश चंद्र, उप निदेशक जनसंपर्क  सत्येंद्र प्रसाद सहित दरभंगा प्रमंडल एवं सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।