सिवान में दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार से विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण की 121 सीटों पर नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर निर्धारित की गई है। सोमवार को सुबह से ही विभिन्न निर्वाचन कार्यालयों में प्रत्याशियों और समर्थकों की चहल-पहल बढ़ गई।

पहले चरण में ये सीटें शामिल

सिवान की आठ विधानसभा सीटें बड़हरिया,दरौली (अनुसूचित जाति), दरौंदा, गोरेयाकोठी, महाराजगंज, जीरादेई, रघुनाथपुर और सिवान सदर, पहले चरण के चुनाव में शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही संभावित उम्मीदवारों ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच और तैयारी तेज कर दी है।

सोमवार को सुबह से ही विभिन्न निर्वाचन कार्यालयों में रही चहल-पहल।
वेबसाइट से नामांकन फॉर्म डाउनलोड कर भरें

जिला निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि,नामांकन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि या अधूरी जानकारी मिलने पर फॉर्म को जांच के दौरान रद्द कर दिया जाएगा।

चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से नामांकन फॉर्म डाउनलोड कर सावधानीपूर्वक भरें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतें।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नामांकन की अंतिम तिथि के बाद किसी प्रत्याशी को अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।

नामांकन पत्रों की जांच 18 अक्टूबर तक

निर्वाचन पदाधिकारियों के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच 18 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर तय की गई है। इसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

आयोग ने कहा है कि, यह सख्ती चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए की गई है। उम्मीदवारों से अपेक्षा की गई है कि वे सभी दस्तावेज सही ढंग से तैयार करें और समय पर जमा करें।

पुलिस बल की तैनाती

जिले के निर्वाचन कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है। नामांकन के दौरान भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। उधर, सिवान समेत पूरे जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और प्रमुख दलों के संभावित उम्मीदवारों ने नामांकन को लेकर रणनीति बनानी शुरू कर दी है।